
समाहरणालय परिसर में लगेगा रक्तदान शिविर कल, डीसी करेंगे स्वच्छिक रक्तदान
Latehar : जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 23 जून 2026 (मंगलवार) को समाहरणालय परिसर, लातेहार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का शुभारंभ पूर्वाह्न 10:00 बजे से होगा।
उपायुक्त संदीप कुमार ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में शामिल होकर रक्तदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी इस शिविर में रक्तदान करेंगे और लोगों से भी इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने का आग्रह किया।
उपायुक्त ने कहा, “रक्तदान महादान है। आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद का जीवन बचा सकता है। इसलिए सभी स्वस्थ एवं योग्य नागरिक इस शिविर में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करें और मानवता की सेवा में अपनी भागीदारी निभाएं।”
जिला प्रशासन ने सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं, स्वयंसेवकों एवं आम नागरिकों से रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।





