11वीं बटालियन ने मनाया 88वां स्थापना दिवस शहीदों को दी श्रद्धांजलि

लातेहार : केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का 88वां स्थापना दिवस सोमवार को 11वीं बटालियन मुख्यालय में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत कमांडेंट रवि कुमार के नेतृत्व में शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।इसके बाद रात्रि में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कमांडेंट रवि कुमार ने कहा कि सीआरपीएफ की स्थापना तत्कालीन रियासतों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई थी।प्रारंभ में इसका नाम क्राउन रिप्रेजेंटेटिव पुलिस था, जिसे स्वतंत्रता के बाद 28 दिसंबर 1949 को तत्कालीन गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का स्वरूप प्रदान करते हुए ध्वज समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में 247 बटालियनों के साथ सीआरपीएफ विश्व का सबसे बड़ा अर्धसैनिक बल बन चुका है। देश में आंतरिक सुरक्षा, शांति स्थापना और विभिन्न चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सीआरपीएफ ने हमेशा अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विदेशों में भी बल अपनी सेवाएं दे रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिजनों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बल की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमूल्या कुजूर, द्वितीय कमान अधिकारी रतींद्र मिश्र, पितवास पंडा, शोभनाथ, राजीव रंजन प्रताप सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!