
बारियातु पुलिस ने देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ अपराधी को किया गिरफ्तार
Ramprit lohra @ united palamu
बारियातु: थाना पुलिस ने थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाकर देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने की तैयारी में था।
थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने बताया कि रविवार की रात करीब 11:10 बजे पुलिस अधीक्षक, लातेहार को गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई संगठन से जुड़ा लालदेश्वर यादव (उम्र करीब 28 वर्ष), पिता बिहारी यादव, ग्राम हाथडीह, पो. झाबर, थाना बालूमाथ, जिला लातेहार, संगठन के कमांडर बादल यादव उर्फ पवन जी उर्फ दिलीप यादव, पिता झरी यादव, ग्राम हाथडीह, पो. झाबर, थाना बालूमाथ के साथ मिलकर काम करता है।
सूचना थी कि निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी विद्यालय, बरक्षिया, थाना बारियातु के पास विद्यालय निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार अभिजीत पात्रा से लेवी की राशि नहीं मिलने के कारण दोनों वहां फायरिंग करने के लिए आने वाले हैं।
सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापामारी दल का गठन किया गया। दल निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी विद्यालय के पास पहुंचा। इसी दौरान पुलिस बल को देखकर बिना नंबर की बाइक पर सवार दो व्यक्ति तेजी से भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। भागने के क्रम में बाइक निर्माणाधीन विद्यालय के आगे विश्रामपुर जाने वाली सड़क पर जबरा पुल के पास असंतुलित होकर गिर गई।
बाइक चला रहा व्यक्ति अंधेरे और रात का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे व्यक्ति को पुलिस बल ने पीछा कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम लालदेश्वर यादव, उम्र करीब 28 वर्ष, पिता बिहारी यादव, ग्राम हाथडीह, पो. झाबर, थाना बालूमाथ, जिला लातेहार बताया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके पास से 9 एमएम का एक देशी पिस्टल लोडेड अवस्था में बरामद किया। पिस्टल को अनलोड करने पर उसमें से दो जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा आईटेल कंपनी का काले रंग का कीपैड मोबाइल फोन और सैमसंग कंपनी का बैंगनी रंग का एक स्मार्टफोन भी बरामद कर जब्त किया गया।
इस संबंध में बारियातु थाना में मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
छापामारी दल में शामिल पुलिसकर्मी
छापामारी दल में बारियातु थाना प्रभारी पुअनि प्रभात कुमार दास, पुअनि जितेंद्र कुमार, सअनि दिनेश कुमार, सअनि छोटू पंडा, आरक्षी 22 प्रवीण सिंह (रिजर्व गार्ड), आरक्षी 606 शिवनारायण यादव (रिजर्व गार्ड, बारियातु थाना), आरक्षी 582 राहुल कुमार दुबे (तकनीकी शाखा, लातेहार) सहित बारियातु थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।





