
विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर,स्टेशन में कंप्यूटर लैब का हुआ उद्घाटन

Latehar : विश्वकर्मा पूजा के शुभ अवसर पर आज दिन गुरुवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बाजकुम, लातेहार रेलवे स्टेशन स्थित विद्यालय परिसर में नवनिर्मित कंप्यूटर लैब का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।
कंप्यूटर लैब का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम कुमार साहू ने किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सरयू प्रसाद सिंह एवं सचिव विवेक कुमार गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही।

वर्तमान समय में कंप्यूटर शिक्षा शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए आवश्यक है: गौतम साहू
कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम कुमार साहू ने विद्यालय के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने में कंप्यूटर लैब को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर शिक्षा विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए आवश्यक है।

उल्लेखनीय है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम कुमार साहू स्वयं विद्या भारती के पूर्व छात्र रह चुके हैं। विद्यालय परिवार की ओर से इस अवसर पर उनका विशेष स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में अभिभावक प्रतिनिधि नागेंद्र प्रसाद साहू, विद्यालय के प्रधानाचार्य राजबल्लम शर्मा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहे। कंप्यूटर लैब के उद्घाटन को लेकर विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में उत्साह का माहौल रहा।




