छतरपुर बाजार से दिनदहाड़े बाइक चोरी, थाने में दिया आवेदन
PALAMU : छतरपुर बाजार में बाइक चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।इसका एक ताजा मामला सामने आया है।जब बाजार आए एक युवक की बाइक दिनदहाड़े चोरी हो गई।इस संबंध में थाना क्षेत्र के ग्राम कंचनपुर निवासी उपेन्द्र यादव, पिता बिंदेश्वर यादव, उम्र 28 वर्ष ने छतरपुर थाना में लिखित आवेदन दिया है।

आवेदन में पीड़ित ने बताया है कि वह 22 सितंबर की दोपहर लगभग 12:30 बजे अपने घर से छतरपुर बाजार साग-सब्जी लेने आए थे। उन्होंने अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल, जिसका नंबर JH 03Q 4346 है, को कल्याण वस्त्रालय के पास लॉक कर खड़ी किया और बाजार करने चले गए।
कुछ देर बाद जब वह बाजार करके वापस अपनी गाड़ी के पास लौटे तो देखा कि उनकी मोटरसाइकिल वहां से गायब है। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की और काफी खोजबीन की, लेकिन बाइक का कहीं पता नहीं चला।पीड़ित ने बताया कि अज्ञात चोरों द्वारा उनकी बाइक चोरी कर ली गई है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द बाइक बरामद करने और चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।इधर, थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है, मामले की जांच की जा रही है। बाजार के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।




