पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर पहुंचे दिवंगत पत्रकार रजनीश के घर, परिजनों से मिलकर बंधाया ढाढस
गढ़वा : झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर गढ़वा के दिवंगत युवा पत्रकार रजनीश ठाकुर उर्फ बंटी के घर पहुंचे। पलामू जिला अंतर्गत रेहला थाना क्षेत्र के गोदरमा गांव पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। पीड़ित परिजनों को ढाढस बंधाया एवं गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।

पूर्व मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि पत्रकार बंटी का असमय निधन पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बंटी काफी होनहार एवं मिलनसार व्यक्तित्व के थे। उनका यूं ही अचानक चला जाना बहुत ही दुखद है। पत्रकारिता जगत ने एक चमकता हुआ सितारा खो दिया है। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। श्री ठाकुर ने कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ हमेशा खड़ा रहेंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
मौके पर मुख्य रूप से परिजन दिलीप ठाकुर, प्रदीप ठाकुर, राजकुमार ठाकुर, राजेंद्र ठाकुर, झामुमो के मीडिया पैनलिस्ट धीरज दुबे, चंदन जायसवाल, नवीन तिवारी, चंदन पासवान, छोटू सिंह, दिलीप गुप्ता, अंकित पांडेय, मिन्हाज सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।



