नौडीहा बाजार: शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, मोटरसाइकिल सहित घर का अन्य सामान जलकर खाक
Palamu : नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के हरैया गांव निवासी रामजी सिंह के घर रविवार की रात शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई।जिसमे नई बाइक समेत लाखों की संपति जलकर राख हो गई।आग इतनी तेजी से फैला कि घर में रखी नई हीरो पैशन एक्सटेक बाइक, करीब तीन क्विंटल भूसा, दुकान के लिए रखा सामान, छत पर रखे कपड़े समेत कई घरेलू सामान जलकर राख हो गए।

जानकारी के अनुसार, रामजी सिंह के घर में घटना के समय परिवार के सभी नौ सदस्य मौजूद थे। घर के अंदर खाना बन रहा था।इसी दौरान बिजली बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग पूरी तरह फैलने और धुएं की गंध आने के बाद परिवार के लोगों को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद सभी सदस्य किसी तरह घर से बाहर निकले।इस घटना में परिवार के सभी नौ सदस्य बाल-बाल बच गए।
आग लगने के बाद परिवार के लोगों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बाल्टी, डेकची तथा मशीन की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।तब तक घर में रखी बाइक, भूसा और अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुके थे।घटना की सूचना मिलने पर रामजी सिंह ने मुखिया पति बिंदा साव को फोन किया। बिंदा साव रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे और सुबह घर का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेने की बात कही।

थाना प्रभारी से भी घटना को लेकर बातचीत हुई। परिजनों के द्वारा आग लगने के संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) परितोष प्रियदर्शी से जानकारी लेने पर उन्होंने बताया गया कि जांच के लिए सीआई (CI) को घटनास्थल पर भेजा जा रहा है।

जांच के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।वही पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान की जांच कर उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।




