
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने 1910 युवक व युवतियों को दिया न्यू ईयर का सर्विस गिफ्ट
Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने 30 दिसंबर को जेएसएससी द्वारा आयोजित झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 (सीजीएल) के माध्यम से विभिन्न पदों के लिए चयनित 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर नव वर्ष 2026 का सर्विस गिफ्ट दिया। इस बाबत मोरहाबादी मैदान, रांची में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में नव नियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह आपने कठिन परिश्रम और संघर्ष से यह मुकाम प्राप्त किया है, उसी तरह पूरी निष्ठा, लगन सेवा भावना और कार्यशैली से राज्य को आगे ले जाने का दायित्व भी निभाएंगे। आपका सरकार के अंग के रूप में इस राज्य की जनता से जुड़ना इस प्रदेश के विकास को नया आयाम देगा।
इरादे नेक हों तो सफलता जरूर मिलती है
मुख्यमंत्री ने कहा कि जेएसएससी-सीजीएल को लेकर तरह-तरह की चुनौतियां आईं। लंबे समय तक परीक्षा में व्यवधान पैदा होता रहा। लेकिन, मैने कहा था कि इरादे नेक हों तो सफलता जरूर मिलती है। इसी सोच के साथ हमारी सरकार सीजीएल परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी रही। हालांकि, इस दौरान कुछ संगठित गिरोह साजिश रचने का प्रयास करते रहे। लेकिन, हमारी सरकार और जेएसएससी ने इस परीक्षा के आयोजन से लेकर न्यायालय तक पूरी पारदर्शिता के साथ सभी बातों को रखा। इसी का नतीजा है कि विरोधी तत्वों की साजिशें नाकाम हुईं और आपकी मेहनत और संघर्ष की जीत हुई। लंबे इंतजार के बाद नियुक्ति पत्र मिलने से आप खुश हैं।
नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले जाएंगे जेल
मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों से कहा कि आपने लंबे समय तक संघर्ष किया। इस दौरान कई तरह की परिस्थितियों से आप गुजरे होंगे। इस बात को हम भी अच्छी तरह महसूस करते हैं। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि सरकार द्वारा पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ नियुक्ति परीक्षाएं आयोजित की जा रही है। ऐसे में अगर नौजवानों के भविष्य के साथ जो भी खिलवाड़ अथवा साजिश रचने का प्रयास करेगा, उसे जेल भेजने का काम किया जाएगा।
एक साल में 10 हजार से ज्यादा को मिल चुका है नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 में हमारी सरकार बनी। उसके बाद से नियुक्तियों का सिलसिला निरंतर जारी है। अब तक लाखों नौजवानों को हम नौकरी दे चुके हैं। राज्य गठन के बाद पहली बार कृषि पदाधिकारी की नियुक्ति हुई। मेडिकल ऑफिसर की बहाली समय-समय पर होती आ रही है। सभी श्रेणी में शिक्षकों की बहाली हुई। सरकारी अस्पतालों को बड़े पैमाने पर एएनएम – जीएनएम मिले। अलावे भी विभिन्न सेवाओं और पदों के लिए बड़ी संख्या में नियुक्तियां हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि 2024 में जब हमारी सरकार फिर बनी तो मात्र एक वर्ष में ही सिर्फ एक कार्यक्रम के माध्यम से लगभग 9000 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करने का अवसर मिला। उसके लगभग एक महीने बाद 30 दिसंबर को 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया। विभिन्न पदों के लिए नियुक्तियां प्रक्रिया लगातार जारी है।





