
4 राज्य 1 केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 4 मई को आएंगे नतीजे
New Delhi : पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल समेत देश के चार राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में एक ही चरण में मतदान होना है। वहीं, पश्चिम बंगाल में दो चरण में वोटिंग होगी। इसके साथ ही 6 राज्यों की 8 सीटों पर उपचुनाव भी होने हैं। ये भी दो चरण में 9 और 23 अप्रैल को होंगे। सभी चुनावों के नतीजों का ऐलान 4 मई को होगा। चुनाव आयोग ने बताया कि असम, केरल और पुडुचेरी की सभी सीटों पर 9 अप्रैल को वोटिंग होगी। वहीं, तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान होगा।पश्चिम बंगाल में दो चरण में चुनाव होने हैं। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होगा। उपचुनाव में गोवा, कर्नाटक, नगालैंड और त्रिपुरा की खाली सीटों पर 9 अप्रैल को वोटिंग होगी। वहीं, महाराष्ट्र और गुजरात की चार सीटों पर 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।

चुनाव आयोग जिन चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव का ऐलान किया है, वहां विधानसभा का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है। चारों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की अंतिम मतदाता सूचियां विशेष गहन मतदाता सूची संशोधन (SIR) के तहत प्रकाशित की जा चुकी हैं। तमाम राजनीतिक दल भी चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। कांग्रेस ने तो असम के लिए प्रत्याशियों की सूची भी जारी कर दी है।
चुनाव तारीखों के ऐलान के साथ ही लागू हुआ आचार संहिता
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पद्दुचेरी के लिए चुनाव की तारीखो का ऐलान कर दिया है। इस के साथ ही इन प्रदेशों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। चुनाव आयोग जैसे ही किसी राज्य में विधानसभा चुनाव का ऐलान करता है उसके साथ ही पूरे प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाती है। आचार संहिता लागू होने के बाद सरकार किसी जनकल्याणकारी योजना को लागू नहीं कर सकती।




