नूरी जामा मस्जिद में खत्म-ए-तरावीह अकीदत के साथ सम्पन्न, अमन-चैन की दुआ

लातेहार: गुलाब बाग डुड़वा स्थित नूरी जामा मस्जिद में पवित्र माह-ए-रमज़ान के अवसर पर खत्म-ए-तरावीह का रूहानी कार्यक्रम बड़े ही अकीदत और एहतराम के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के बड़ी संख्या में नमाज़ियों ने शिरकत की और पूरे अदब के साथ कुरआन-ए-करीम की तिलावत सुनी।तरावीह में मुकम्मल कुरआन-ए-पाक सुनाने की सआदत हाफिज मुनीर साहब को हासिल हुई। उन्होंने पूरे रमज़ान शरीफ के दौरान नमाज़-ए-तरावीह में खूबसूरत अंदाज़ में कुरआन-ए-करीम की तिलावत की, जिसे नमाज़ियों ने पूरी तवज्जो और दिलचस्पी के साथ सुना। खत्म-ए-तरावीह के मौके पर मस्जिद का माहौल बेहद रूहानी और इबादत से सराबोर नजर आया।इस अवसर पर तकरीर करते हुए हज़रत कारी जियाउद्दीन शमसी, मौलाना जमाल तथा मस्जिद के इमाम हकीम साहब ने रमज़ान शरीफ की फज़ीलत, कुरआन-ए-करीम की अहमियत और नेकियों के रास्ते पर चलने की जरूरत पर विस्तार से प्रकाश डाला। उलेमा-ए-किराम ने लोगों को अल्लाह की इबादत करने, आपसी भाईचारा बढ़ाने और समाज में अमन-ओ-अमान कायम रखने की नसीहत दी।कार्यक्रम के अंत में देश में अमन-चैन, तरक्की और पूरी उम्मत-ए-मुस्लिमाह की भलाई के लिए खास दुआ की गई। कमेटी के सदर आफताब आलम सहित सभी सदस्यों और क्षेत्रवासियों ने हाफिज साहब एवं उलेमा-ए-किराम का आभार व्यक्त किया।इस मौके पर कमेटी के सेक्रेटरी अख्तर हुसैन, नायब सदर रब्बानी हुसैन, नायब सेक्रेटरी मारूफ अंसारी, मुस्लिम अंसारी, अलीम अंसारी, याकूब अली सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!