हाईवा की चपेट में आने से युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन में लगाई आग

लातेहार:सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत आरागुंडी पंचायत में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक राधे उरांव की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के पिता का नाम महादेव उरांव है।मिली जानकारी के अनुसार, राधे उरांव सरना स्थल सावनो से अपने घर तुबेद लौट रहा था। इसी दौरान लातेहार की ओर से आ रही डीवीसी द्वारा संचालित हाईवा (रजिस्ट्रेशन नंबर JH19F 0184), जो कोयला परिवहन में लगी थी, ने उसकी मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

परिजनों ने पांच करोड़ मुआवजा व नौकरी की मांग उठाई, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा किया और संबंधित हाईवा में आग लगा दी। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस, एसडीपीओ अरविंद कुमार, अंचलाधिकारी नंदकुमार राम एवं थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और सड़क जाम हटवाया। मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता राशि एक लाख रुपए प्रदान की गई, जिसमें प्रशासन की ओर से दस हजार वहीं बाकी रकम डीवीसी कंपनी के द्वारा दी गई।तथा सरकारी प्रावधानों के तहत अन्य लाभ दिलाने का आश्वासन दिया गया। वहीं परिजनों ने डीवीसी प्रबंधन से पांच करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।
ग्रामीणों ने भी कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि डीवीसी कंपनी के निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ही भारी वाहनों का परिचालन किया जाए तथा गांव के अंदर ऐसे वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद किया जाए।बताया जा रहा है कि उक्त हाईवा सदर थाना क्षेत्र के पांडेयूपरा गांव निवासी का है और तुबेद कोलियरी में कोयला परिवहन का कार्य करता है। वाहन चंदवा से कोयला अनलोड कर वापस तुबेद कोलियरी जा रहा था, इसी दौरान यह हादसा हुआ।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!