शूटर फैज खान रांची रिम्स रेफर, समीर खलीफा हत्याकांड का है मुख्य आरोपी
Palamu : मेदिनीनगर शहर में हुए समीर खलीफा उर्फ गुड्डू हत्याकांड को अंजाम देने वाला फैज खान को रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। उसका इलाज एमएमसीएच में चल रहा था। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स रेफर करने का निर्णय लिया गया।

बता दें कि गुरुवार रात पलामू के मेदिनीनगर में निजी बस स्टैंड के पास शताब्दी मार्केट में फैज खान ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर समीर उर्फ गुड्डू खलीफा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद वह बिहार भाग रहा था। पुलिस के सर्च अभियान में शुक्रवार को पांकी थाना क्षेत्र के टइया में उसके साथ मुठभेड़ हुई थी। इस क्रम में उसके पैर में दो गोली लगी थी। मौके से एक अन्य अपराधी पांकी के तेतराई निवासी आदर्श कुमार उर्फ धोनी को पकड़ा गया था। फैज को गंभीर हालत में इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया गया था।
डॉक्टर का कहना है कि गोली लगने से फैज़ के पैर की नस फट गई थी। खून ज्यादा बह जाने के कारण उसकी हालत गंभीर हो गई थी। इस कारण उसे यहां से रेफर करना पड़ा।
फैज मेदिनीनगर के मुस्लिम नगर स्थित तेलीपट्टी का रहने वाला है। वह झामुमो नेता लड्डू रंगरेज हत्याकांड में जेल जा चुका है। कई अन्य आपराधिक मामलों में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं।



