मनातू : महिला की संदिग्ध मौत, जंगल में गई थी महुआ चुनने, जांच में जुटी पुलिस

Palamu : पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी पंचायत के चिड़ीखुर्द टोला, उल्वार गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान मनोज परहिया की पत्नी पूनम देवी (उम्र लगभग 31 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को करीब 12 बजे पूनम देवी अपने घर से लगभग 300 मीटर दूर जंगल में महुआ चुनने के लिए गई थीं। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान गांव के किनारे एक पेड़ से उनका शव लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस इसे संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग स्तब्ध हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाएगी।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!