छतरपुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, चाचा ने लगाया हत्या का आरोप
PALAMU : पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मड़वा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान मड़वा गांव निवासी कुंदन सिंह की पत्नी चंचल सिंह के रूप में की गई है।घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।मृतका के चाचा अरुण सिंह, जो बिहार के रोहतास जिला अंतर्गत रोहतास थाना क्षेत्र के कुशडिहरा गांव के निवासी हैं, ने बताया कि उनकी भतीजी चंचल की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व छतरपुर थाना क्षेत्र के मड़वा गांव निवासी कुंदन सिंह के साथ
हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार कुंदन सिंह के साथ हुई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर ससुराल वाले चंचल कुमारी को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। मंगलवार को उन्हें सूचना मिली कि उनकी भतीजी छत से गिरकर घायल हो गई है। जब वे ससुराल पहुंचे तो उन्हें चंचल की मौत की जानकारी मिली।मायके पक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।इधर, सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। शव को कब्जे में लेकर मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।



