
आंदोलनकारियों के सम्मान व पेंशन को लेकर उपायुक्त से मिला प्रतिनिधिमंडल
लातेहार:झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के जिला अध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद एवं जिला कोषाध्यक्ष अर्जुन राम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त संदीप कुमार से मुलाकात कर उन्हें बुके देकर सम्मानित किया। इस दौरान झारखंड आंदोलनकारियों के मान-सम्मान, नियोजन एवं पेंशन समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद ने कहा कि झारखंड अलग राज्य लंबे संघर्ष और शहादत के बाद बना है। आंदोलन के दौरान कई युवाओं ने घर-परिवार छोड़ दिया और पढ़ाई तक त्याग दी थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में आंदोलनकारी उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि झारखंड आंदोलनकारी चिह्नीकरण आयोग द्वारा जिले के आंदोलनकारियों की सूची भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक उन्हें सम्मानित नहीं किया गया। मोर्चा ने उपायुक्त से जल्द सम्मान समारोह आयोजित कर आंदोलनकारियों को सम्मानित करने की मांग की।




