संत मरियम विद्यालय में आयोजित हुआ सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम

बच्चों को यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित जीवन का दिया गया संदेश

Palamu : एजुकेशन की दुनिया में ध्रुव तारे की भांति अपनी चमक बिखेरने वाला संत मरियम आवासीय विद्यालय में ग्रीष्म अवकाश से पूर्व वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा अवकाश के दौरान सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में इन दिग्गजों की रही उपस्थित

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर नीतीश कुमार गुप्ता, डीएसपी राजेश यादव, वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट की सचिव शर्मिला वर्मा, दंत चिकित्सक डॉ. अमितु सिंह, समाजसेवी मनत सिंह बग्गा, रानू सिन्हा, मंजू चंद्रा तथा लक्ष्य श्रेष्ठ उपस्थित रहे।

दीप प्रज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का आयोजन

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न नियमों, संकेतों एवं सावधानियों की जानकारी दी गई।

यातायात नियमों की अनदेखी है सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण : डीएसपी राजेश यादव

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएसपी राजेश यादव ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी है। उन्होंने विद्यार्थियों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने तथा सड़क पार करते समय पूरी सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है।

सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है : नीतीश कुमार गुप्ता

मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर नीतीश कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने पर चिंता जताई और अभिभावकों से भी इस दिशा में सतर्क रहने का आग्रह किया।

बच्चों को कम उम्र से ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना आवश्यक है : शर्मिला वर्मा

वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट की सचिव शर्मिला वर्मा ने कहा कि ट्रस्ट पिछले कई वर्षों से समाज के बीच जनजागरूकता एवं सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना आवश्यक है ताकि वे स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षा के प्रति प्रेरित कर सकें।

बच्चों के लिए जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक है : अविनाश देव

विद्यालय के अध्यक्ष अविनाश देव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। ग्रीष्मकालीन अवकाश में बच्चे लंबे समय तक घर पर रहेंगे और यात्रा भी करेंगे, ऐसे में उन्हें सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

छात्र-छात्राओं ने ट्रैफिक नियमों पर पेश किया गीत-नृत्य व नाटक

कार्यक्रम के दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं के द्वारा ट्रैफिक नियमों से संबंधित गीतों पर नृत्य व नाटक भी प्रस्तुत किया गया।विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा से संबंधित शपथ भी ली तथा यातायात नियमों के पालन का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार एवं ट्रस्ट के सदस्यों की उपस्थिति में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!