
हाथी ने महिला को कुचल कर मार डाला, झारखंड के लोहरदगा जिले की घटना
Ranchi : झारखंड में हाथी का उत्पात रुकने का नाम नहीं ले रहा है। हाथियों के उत्पात को रोकने में वन विभाग भी असफल साबित हो रहा है। लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेदाल टंगराटोली में मंगलवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
मिली जानकारी के अनुसार भंडरा प्रखंड के बेदाल टंगरा टोली निवासी प्रतिमा उराइन 35 वर्ष अपने पति कृष्णा उरांव और दो बच्चों के साथ खेत में कृषि कार्य कर रही थी. इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी खेत की ओर पहुंच गया. हाथी को देखकर परिवार और आसपास मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे.

इस दौरान प्रतिमा उराइन को हाथी ने अपनी चपेट में ले लिया और उन्हें बुरी तरह रौंद दिया. हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई.स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.




