हुसैनाबाद : एके सिंह कॉलेज में गहराया टकराव

चौथे दिन भी धरने पर डटे शिक्षकेतर कर्मचारी

प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप

Palamu : पलामू जिला स्थित जपला स्थित एके सिंह कॉलेज में शिक्षकेतर कर्मचारियों और महाविद्यालय प्रशासन के बीच चल रहा गतिरोध अब और गहरा गया है। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 30 मई से शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को चौथे दिन भी जारी रहा। धरनास्थल पर कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।

धरनारत कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी समस्याओं और अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है। कर्मचारियों ने सम्मानजनक व्यवहार, सेवा शर्तों में सुधार तथा वेतनमान से जुड़े मामलों पर स्पष्ट एवं न्यायसंगत निर्णय लेने की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से मांगों को नजरअंदाज किए जाने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

कर्मचारियों ने दो टूक कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। आंदोलन के कारण महाविद्यालय का माहौल लगातार गरमाया हुआ है और छात्र-शिक्षक समेत आम लोगों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि कॉलेज प्रशासन और कर्मचारियों के बीच जारी इस टकराव का समाधान आखिर कब निकलता है।

धरने में रमेश सिंह, जयराम सिंह, अशोक कुमार सिंह, अनिकराज पाल, नरेंद्र कुमार सिंह, अखिलेश्वर सिंह, अमित कुमार, सुनील कुमार सिंह, प्रहलाद पाल, मीना गुप्ता, नीतीश कुमार पटेल और कृष्णमोहन सिंह सहित कई शिक्षकेतर कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों की एकजुटता ने आंदोलन को और मजबूती प्रदान की है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!