
रेडमा श्री राम पथ क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से टेंट कर्मी की मौत
Palamu : मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के रेडमा श्रीराम पथ के समीप एक शादी समारोह में टेंट एवं फूल सजावट का कार्य कर रहे युवक की 11 हजार वोल्ट बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित भीटीसी बमुनिया निवासी तरुण कुमार दास (पिता- स्वपन दास) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार तरुण कुमार दास छोटू जायसवाल के यहां सजावट का काम करता था।शुक्रवार को तरुण दास शादी समारोह के लिए टेंट लगाने एवं सजावट का कार्य करने रेड़मा श्रीराम पथ गया था।। इसी दौरान गेट के पास लगाए जा रहे लोहे के पाइप का संपर्क ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट विद्युत तार से हो गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच पहुंचाया।जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन कोलकाता से मेदिनीनगर के लिए रवाना हो गए हैं।शनिवार सुबह अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि परिजनों के पहुंचने और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। इस घटना के बाद मृतक के गांव में शोक का माहौल है।




