पलामू के एमएमसीएच में नहीं हो सका ब्लड की व्यवस्था, प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत

Palamu : पलामू जिला का मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ब्लड की कमी से जूझ रहा है। यहां ब्लड की कमी से मरीजों की मौत साधारण सी बात है। अभी-अभी उत्तर प्रदेश स्थित सोनभद्र जिले के दुद्धी निवासी सेराज अहमद की पत्नी खुशबू निशा एवं उनके नवजात शिशु की मौत प्रसव के दौरान मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच में हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में मातम छा गया और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खुशबू निशा इन दिनों अपने मायके गढ़वा जिले के श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चेचरिया गांव में रह रही थीं। प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए एमएमसीएच लेकर पहुंचे। अस्पताल में जांच के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि महिला के शरीर में रक्त की गंभीर कमी है तथा तत्काल रक्त की आवश्यकता है।

परिजनों के अनुसार रक्त की आवश्यकता बताई गई, लेकिन समय पर रक्त की व्यवस्था नहीं हो सकी। इस बीच प्रसव के दौरान महिला की स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद खुशबू निशा और उनके नवजात शिशु को बचाया नहीं जा सका।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में नए सदस्य के आगमन की खुशी कुछ ही क्षणों में मातम में बदल गई। बताया जाता है कि घटना के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही मां और नवजात के शव को अपने साथ घर ले गए।इस हृदयविदारक घटना से परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!