
पलामू की बेटी व सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की छात्रा सलोनी कुमारी ने बीपीएससी में लहराया सफलता का परचम
Palamu : मेदिनीनगर शहर के पटेल नगर सूदना निवासी एसआई नवल किशोर तिवारी की पुत्री सलोनी कुमारी ने बीपीएससी सिविल सेवा में 906 अंक लाकर अपने माता-पिता परिवार और विद्यालय का नाम रौशन किया है।इस उपलब्धि के साथ उनका चयन श्रम प्रवर्तन अधिकारी पद के लिए हुआ है।
सलोनी कुमारी के कामयाबी से माता-पिता और सरस्वती शिशु विद्या मंदिर मेदनीनगर के प्रिंसिपल चितरंजन सिंह काफी उत्साहित महसूस कर रहे हैं।सलोनी के पिता नवल किशोर तिवारी रांची पुलिस लाइन में एसआई के पद पर तैनात है।

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्रिंसिपल चितरंजन सिंह ने बताया कि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के टीचर बताते हैं कि सलोनी कुमारी शुरू से ही अपनी पढ़ाई-लिखाई के मामले में मेधावी रही हैं।उन्होंने वर्ष 2013 में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर मेदिनीनगर से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की।उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने पटना का रुख अपनाया।अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के कारण वे कॉलेज की गोल्ड मेडलिस्ट भी रह चुकी हैं।यही नहीं उन्होंने पटना से पढ़ाई पूरी की और इस दौरान उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का एक और प्रमाण दिया।
अपनी सफलता पर सलोनी ने कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता, और शिक्षकों के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन का परिणाम है।परिवार के सहयोग और गुरुओं के मार्गदर्शन ने उन्हें हर कठिन परिस्थिति में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।
सलोनी की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा पलामू जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है।




