
BJP और TMC कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हुई झड़प, चले ईंट-पत्थर
जगदल विधानसभा क्षेत्र में आज पीएम मोदी की रैली होनी है लेकिन उससे पहले देर रात बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हालात को संभाला
Kolkatta : पश्चिम बंगाल के उत्तर चौबीस परगना में कल रात बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त झड़प हुई। यह झड़प बैरकपुर इलाके के जगदल विधानसभा क्षेत्र में हुई। बीजेपी और टीएमसी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। यह झड़प ऐसे समय में हुई जबकि आज जगदल के जलेबी माठ मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेगा रैली है। यह भिड़ंत जगदल थाने के सामने बीजेपी और टीएमसी समर्थकों के बीच हुई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।

दोनों पार्टियों के समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाये।आरोप है कि इस हिंसक झड़प में बैरकपुर के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह पर भी हमला किया गया। टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उन्हें खींचने की कोशिश की्।मारपीट के दौरान पूर्व सांसद अर्जुन सिंह को निशाना बनाने की कोशिश की गई।दरअसल, जगदल विधानसभा से बीजेपी कैंडिडेट राजेश कुमार रविवार रात 10:30 बजे ममता बनर्जी के खिलाफ केस करने के लिए फाइल की कॉपी लेने जगदल पुलिस स्टेशन गए थे।
उसी समय तृणमूल पार्षद मनोज पांडे, सौरभ सिंह और तृणमूल की एक टीम अचानक पुलिस स्टेशन पहुंच गई। यह खबर मिलते ही नोओया पाड़ा विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी उम्मीदवार अर्जुन सिंह जगदल पुलिस स्टेशन पहुंच गए।आरोप है कि जैसे ही वह कार से उतरे टीएमसी समर्थकों से उनकी भिड़ंत हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हुई।
आरोप है कि तृणमूल और बीजेपी ने पुलिस स्टेशन के अंदर ही हाथापाई की। जगदल थाने की पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को संभाला। फिलहाल दोनों पक्षों को पुलिस स्टेशन के पास से हटा दिया गया है। शांति बनाए रखने के लिए बड़ी तादाद में पुलिस फोर्स को इलाके में तैनात किया गया है।




