
Palamu : ट्रेन से गिरकर युवती की मौत, पहचान में जुटी पुलिस
Palamu : हैदरनगर-कोसीआरा रेलवे स्टेशन के बीच बुधवार दोपहर एक अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव डाउन रेल लाइन के किनारे रेल पोल संख्या 355/8 एवं 355/7 के बीच पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।स्थानीय लोगों ने रेल लाइन के किनारे युवती का शव पड़े होने की जानकारी पुलिस को दी थी। सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतका की पहचान तथा घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान ने बताया कि युवती की पहचान कराने का प्रयास जारी है। पुलिस विभिन्न माध्यमों से मृतका की पहचान सुनिश्चित करने में जुटी हुई है।मामले की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) भी सक्रिय हो गई है। आरपीएफ पोस्ट जपला के इंस्पेक्टर संतोष कुमार झा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उनकी टीम भी जांच-पड़ताल में जुट गई है।
फिलहाल घटना के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के संबंध में अधिक स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। वहीं पुलिस मृतका की पहचान और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए लगातार जांच कर रही है।


