इनामी नक्सली संजय यादव उर्फ गोदराम मुंबई से गिरफ्तार, झारखंड सरकार ने इस पर 10 लाख का रखा था इनाम

Palamu : पलामू छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन गांव निवासी इनामी नक्सली संजय यादव उर्फ गोदराम को पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया है।झारखंड सरकार ने संजय यादव उर्फ गोदराम पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. पुलिस को उसकी कई वर्षों से तलाश थी।

जानकारी के अनुसार, संजय यादव मुंबई में तीन अन्य लोगों के साथ एक स्थान पर बैठा हुआ था. इसी दौरान वहां मौजूद लोगों की तस्वीर पलामू पुलिस को भेजी गयी. तस्वीर के आधार पर पुलिस ने संजय यादव की पहचान सुनिश्चित की. इसके बाद स्थानीय स्तर पर उसे हिरासत में लिया गया. पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम संजय यादव उर्फ गोदराम बताया, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू की गयी.

पलामू पुलिस के वरीय अधिकारियों ने भी उसकी हिरासत और गिरफ्तारी की प्रक्रिया की पुष्टि की है. गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद पलामू पुलिस उसे जिले में लाने की तैयारी में जुट गयी है।संजय यादव को पलामू लाने के लिए पुलिस की विशेष टीम मुंबई रवाना हो चुकी है. पहले उसे मुंबई की अदालत में पेश किया जायेगा. वहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस उसे पलामू लायेगी. इसके बाद उसे पलामू न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जायेगी।

पुलिस की नजर माओवादी संगठन के 15 लाख रुपये के इनामी रीजनल कमांडर नितेश यादव पर भी है. नितेश बिहार के गया जिले का रहने वाला बताया जाता है. जानकारी के अनुसार, उसके भी मुंबई और आसपास के इलाकों में छिपे होने की आशंका है. संजय यादव की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने नितेश यादव की तलाश में भी छापेमारी तेज कर दी है।पलामू पुलिस के लिए संजय यादव की गिरफ्तारी को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

लंबे समय से फरार चल रहे इनामी उग्रवादी के पकड़े जाने से संगठन की गतिविधियों और उसके नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है. पुलिस उससे पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!