
एसवीएम में त्रि-चरणीय छात्र संसद चुनाव संपन्न, छात्रों ने किया मतदान
Latehar : सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना एवं छात्रों में नेतृत्व क्षमता के विकास के उद्देश्य से आयोजित त्रि-चरणीय छात्र संसद निर्वाचन प्रक्रिया गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी के निर्देशन में पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए चुनाव को तीन स्तरों—शिशु भारती, बाल भारती एवं किशोर भारती—में विभाजित किया गया था। प्रथम चरण में 12 मई को शिशु भारती वर्ग के 154 नन्हे मतदाताओं ने मतदान कर लोकतंत्र का पहला अनुभव प्राप्त किया। दूसरे चरण में 13 मई को बाल भारती वर्ग के 205 विद्यार्थियों ने मतदान कर अपने प्रतिनिधियों के चयन में भागीदारी निभाई। अंतिम चरण में 14 मई को किशोर भारती वर्ग के 146 विद्यार्थियों ने मतदान किया।इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया के सफल संचालन में विद्यालय के शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिशु भारती का संचालन रविकांत पाठक ने किया, जबकि बाल भारती निर्वाचन रविंद्र पांडेय एवं शिवानी कुमारी की देखरेख में संपन्न हुआ। किशोर भारती चुनाव की जिम्मेदारी कपिल देव प्रमाणिक ने संभाली।प्रधानाचार्य ने कहा कि छात्र संसद का उद्देश्य केवल पदों का चुनाव नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, उत्तरदायित्व और लोकतांत्रिक प्रणाली के प्रति सम्मान विकसित करना है। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि मतगणना पूरी होने के बाद परिणामों की घोषणा निर्धारित तिथि पर विशेष सभा में की जाएगी।





