करोड़ों की सड़क बेकार? एनएच से संपर्क नहीं होने के कारण सड़क आज भी अधूरी

Sanjay prajapati @ united palamu

Latehar : लातेहार जिले के चंदवा प्रखंड अंतर्गत वनशक्ति मंदिर के समीप प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत माँ यशोदा कंस्ट्रक्शन द्वारा निर्मित T 17 रूद एनएच-75 से कुलगड़ा आरसीसी सड़क (भाया किता आन) निर्माण कार्य में भारी अनियमितता बरते जाने का मामला सामने आया है। करीब 14.100 किलोमीटर लंबी इस सड़क निर्माण को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने संवेदक एवं संबंधित विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं।ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य वर्ष 2023-24 के दौरान पूरा कर लिया गया, लेकिन हैरानी की बात यह है कि सड़क को एनएच-75 से जोड़ने के बजाय करीब 100 मीटर पहले ही छोड़ दिया गया। ऐसे में करोड़ों रुपये की लागत से बनी यह सड़क आज भी लोगों के लिए उपयोगहीन बनी हुई है।

संवेदक की सोची समझी चाल:निर्माण की गुणवत्ता का खुले न पोल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह संवेदक की सोची-समझी चाल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क को सीधे एनएच से जोड़ दिया जाता तो भारी वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाती और निर्माण की गुणवत्ता की पोल खुल जाती। उनका आरोप है कि सड़क निर्माण मानक के अनुरूप नहीं हुआ है, इसलिए जानबूझकर सड़क को अधूरा छोड़ दिया गया।

विभागीय कार्यशैली पर उठने लगे हैं सवाल

जनता यह जानना चाहती है कि जब सड़क एनएच से जुड़ी ही नहीं, तो आखिर संबंधित विभाग ने इस अधूरे निर्माण कार्य को कैसे पास कर दिया। इससे विभागीय कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण को लगभग तीन वर्ष होने को हैं, इसके बावजूद न तो विभागीय अधिकारियों ने इस गंभीर चूक पर ध्यान दिया और न ही इसे दुरुस्त कराने की पहल की गई।

सम्पर्क मार्ग नहीं होने के कारण सड़क आज भी अधूरी


एनएच-75 से यह अधूरी सड़क साफ दिखाई देती है। सड़क बनकर तैयार है, लेकिन संपर्क मार्ग नहीं होने के कारण ग्रामीण इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। इससे क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब सड़क को एनएच-75 से जोड़ने, निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी संवेदक एवं जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।आरईओ जेई ओमप्रकाश बड़ाईक ने बताया कि उसी हिस्से से फोरलेन सड़क गुजरनी है। इसी कारण फिलहाल पीएमजीएसवाई सड़क को एनएच-75 से नहीं जोड़ा गया है। हालांकि ग्रामीणों की समस्या को ध्यान में रखते हुए जल्द ही इस सड़क को एनएच से जोड़ दिया जाएगा।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!