
कृषक पाठशाला सह समेकित बिरसा ग्राम योजना का विधायक ने किया शिलान्यास
किसानों को मिलेगा आधुनिक खेती का प्रशिक्षण: रामचन्द्र सिंह

Latehar : सदर प्रखंड के परसही पंचायत अंतर्गत परसही गांव में मंगलवार को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के तत्वावधान में कृषक पाठशाला योजना सह समेकित बिरसा ग्राम योजना का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक रामचंद्र सिंह एवं विशिष्ट अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने शिलापट्ट का अनावरण तथा नारियल फोड़कर किया।इस अवसर पर विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि कृषक पाठशाला की स्थापना से ग्रामीण किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की जानकारी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, गुणवत्तायुक्त बीज, संतुलित उर्वरक उपयोग, कीट एवं रोग प्रबंधन, जल संरक्षण तथा मृदा स्वास्थ्य संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इससे किसान नई तकनीकों को अपनाकर अपनी खेती को अधिक लाभकारी बना सकेंगे।जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की अधिकांश आबादी कृषि पर निर्भर है। ऐसे में कृषक पाठशाला किसानों के लिए ज्ञान और प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगी। वहीं, मुखिया अनीता देवी ने कहा कि योजना का उद्देश्य खेती की लागत कम कर उत्पादन एवं किसानों की आय में वृद्धि करना तथा कृषि को अधिक टिकाऊ और लाभकारी बनाना है।
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि आज के समय में वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीज, जल संरक्षण एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी किसानों तक पहुंचाना आवश्यक है। इस योजना के माध्यम से किसानों को प्रशिक्षण मिलने से उनकी उत्पादकता बढ़ेगी, खेती की लागत कम होगी और उनकी आय में भी वृद्धि होगी।
कार्यक्रम को अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित करते हुए योजना को किसानों के हित में महत्वपूर्ण पहल बताया। मौके पर विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, विधायक प्रतिनिधि पिंटू सिंह, रामदेव सिंह, फूलचंद यादव, मनोज पासवान, ज्योति प्रकाश दुबे , रीता देवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।




