
झामुमो की बीएलए बैठक संपन्न, सभी प्रखंडों से सूची जमा कर संगठन मजबूती पर जोर
लातेहार : पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम के जलता स्थित फार्म हाउस परिसर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल प्रांगण में,18 मई 2026 दिन सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा की बूथ लेवल एजेंट सूची (बीएलए) को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने की।बैठक पूर्व निर्धारित समयानुसार संपन्न हुई। इसका मुख्य उद्देश्य लातेहार जिले के सभी प्रखंडों से बूथ लेवल एजेंटों का चयन कर प्रत्येक बूथ के लिए एक-एक एजेंट तथा 10 सदस्यीय समिति की सूची जमा करना था।जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने कहा कि जिले के सभी बूथों पर बूथ लेवल एजेंट और 10 सदस्यीय समिति का गठन कर सूची सुव्यवस्थित तरीके से जमा की गई है। उन्होंने कहा कि इससे मतदाता सूची से संबंधित फॉर्म 6, 7 और 8 के निष्पादन में बूथ लेवल एजेंटों का महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा तथा झारखंड मुक्ति मोर्चा संगठन को और मजबूती प्राप्त होगी।
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में बूथ लेवल एजेंटों की अहम भूमिका रहेगी।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व शिक्षा एवं मद्य निषेध मंत्री बैद्यनाथ राम ने कहा कि बूथ लेवल एजेंट बनने से मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटियों को सुधारने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में बूथ लेवल एजेंटों की अहम भूमिका रहेगी।बैठक में जिले के सभी प्रखंड अध्यक्षों ने अपने-अपने पंचायतों के सभी बूथों पर चयनित बूथ लेवल एजेंटों एवं 10 सदस्यीय समिति की सूची जमा की।इस अवसर पर जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष अरुण कुमार दुबे, जिला प्रवक्ता सुशील यादव जिले के सभी पदाधिकारीगण, केंद्रीय समिति के सदस्यगण, प्रखंड कमिटी के सदस्य, महिला मोर्चा की पदाधिकारीगण एवं झामुमो के अन्य सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।




