ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आकर 15 वर्षीय बाल मजदूर गंभीर रूप से घायल
Palamu : पलामू जिला प्रशासन द्वारा बाल मजदूरी रोकने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद क्षेत्र में नाबालिग बच्चों से मजदूरी कराने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला पांकी प्रखंड के हुरलोंग पंचायत से सामने आया है, जहां ट्रैक्टर पर काम कर रहे एक 15 वर्षीय किशोर के गंभीर रूप से घायल होने के बाद एक बार फिर बाल मजदूरी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, हुरलोंग पंचायत निवासी कमलेश उरांव का लगभग 15 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार हुरलोंग निवासी प्रदीप यादव के ट्रैक्टर में मजदूरी का काम करता था। रविवार को भी वह रोज की तरह ट्रैक्टर के साथ हुरलोंग से आसेहार की ओर जा रहा था। इसी दौरान बीच रास्ते में अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़ा। देखते ही देखते ट्रॉली का पिछला पहिया उसके एक पैर पर चढ़ गया। दुर्घटना में आशीष कुमार का एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास के लोगों की मदद से घायल किशोर को तत्काल इलाज के लिए पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।उसकी गंभीर स्थिति को लेकर परिजन काफी चिंतित और परेशान हैं। इस घटना के बाद ग्रामीणों में चर्चा है कि यदि नाबालिग बच्चों से मजदूरी नहीं कराई जाती और कार्यस्थल पर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम होते, तो शायद इस तरह की दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी।
लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा बाल मजदूरी पर प्रभावी रोक लगाने की मांग किया है।फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। प्रशासनिक स्तर पर जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस मामले में किसकी क्या जिम्मेदारी बनती है।



