
पलामू में डायन-बिसाही के शक में हुआ मर्डर ! चैनपुर के रबदा गांव में चाचा ने भतीजे की ले ली जान
Palamu : पलामू जिला स्थित चैनपुर थाना क्षेत्र के रबदा गांव में सोमवार की सुबह हृदय विदारक और दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी मिल रही है कि डायन-बिसाही के शक में एक चाचा ने अपने भतीजे की चाकू मारकर हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, रबदा गांव निवासी राजेंद्र बैठा के पुत्र अनिल बैठा ने सुबह करीब छह बजे अपने भाई साधु बैठा के 13 वर्षीय पुत्र रौशन बैठा पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू का वार पेट में लगने से रौशन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष अनिल बैठा के पुत्र की आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से अनिल को शक था कि रौशन की दादी समुद्री देवी ने डायन-बिसाही कर उसके बेटे की हत्या कराई थी। इसी रंजिश को लेकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

बताया जाता है कि घटना की सुबह घर से कुछ दूरी पर रौशन अपने दोस्त के साथ खेत की ओर खेलने गया था। इसी दौरान अनिल उसे उठाकर खेत में ले गया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से रौशन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ राजेश यादव व चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




