
बंगाल में हिंसा के बीच जारी है मतदान, कई जगहों पर भाजपा-टीएमसी में झड़प
Kolkatta : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग के बीच नादिया, हावड़ा और दक्षिण 24 परगना समेत कई जगह हिंसक झड़पें हुई हैं। दक्षिण 24 परगना के बसंती क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार को निशाना बनाते हुए हमला किया गया, तो पानीहाटी में भाजपा-टीएमसी समर्थकों के बीच हाथापाई की जानकारी है।
जानकारी के अनुसार, बसंती में भाजपा उम्मीदवार की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई, जिससे वहां तनाव की स्थिति बनी। यह घटना बूथ नंबर 76 पर हुई, जहां भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार पर बूथ का दौरा करते समय कथित तौर पर हमला किया गया। सूत्रों के अनुसार, जब उम्मीदवार पोलिंग बूथ का मुआयना करने गए, तो कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। वहीं, हुगली जिले के रामचंद्रपुर बूथ नंबर 147 में टीएमसी और आईएसएफ समर्थकों के बीच झड़प हो गई। दरअसल, फर्जी मतदान एजेंटों की नियुक्ति के आरोपों को लेकर तनाव बढ़ने पर हुई।

इस घटना के दौरान उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। उनके सुरक्षाकर्मियों से हथियार छीनने की भी कोशिश की गई। आरोप है कि केंद्रीय बलों की मौजूदगी के बावजूद सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने या बचाव कार्य में मदद करने के लिए कोई दखल नहीं दिया। इस घटना के कारण इलाके में तनाव और बढ़ गया है। हुगली-चुचुड़ा में सड़क किनारे लगे तृणमूल के कई चुनावी बैनरों को हटाने पर बवाल हुआ। वहीं, बूथ नंबर 27, 28 और 29 पर वोटर लिस्ट फाड़ने को लेकर विवाद हो गया।
कथित तौर पर केंद्रीय बलों के कुछ जवानों को तृणमूल के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने वहां से भगाने की कोशिश की। इसके अलावा, पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र के बूथ 145 पर भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झगड़ा हो गया। वोटिंग के दौरान यह झगड़ा काफी देर चला, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला और स्थिति पर नियंत्रण पाने की कोशिश की।



