
बाजकुम में देशभक्ति का स्वर संगम, 772 लोगों ने साथ गाया वंदे मातरम्

Latehar : एक साथ उठी सैकड़ों आवाजें, गूंजता वंदे मातरम् और माहौल में दिखता देशभक्ति का उत्साह जिला मुख्यालय के रेलवे स्टेशन बाजकुम स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शुक्रवार को ऐसा ही नजारा देखने को मिला। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नमामि भारत कार्यक्रम के तहत सामूहिक गान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में 772 प्रतिभागियों ने एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गान किया। विद्यालय परिसर में जब सभी ने एक स्वर में गीत का गायन किया तो पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसएसबी 32वीं वाहिनी के डिप्टी कमांडेंट हिमांशु राठौर एवं उपनिरीक्षक अनिल सी उपस्थित रहे। अतिथियों की मौजूदगी में कार्यक्रम उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
आयोजकों के अनुसार, विभाग की ओर से जिले के छह शैक्षणिक संस्थानों में सामूहिक वंदे मातरम् गान का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों को राष्ट्रीय चेतना एवं देशभक्ति की भावना से जोड़ना रहा।कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सरयू प्रसाद, सचिव विवेक कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष विकास कांड पाठक, विद्यालय के प्रधानाचार्य राजबल्लम शर्मा सहित आम नागरिक, बच्चे, विद्यालय के आचार्य, दीदी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
सामूहिक गान के दौरान विद्यालय परिसर में उमड़ा उत्साह इस आयोजन की खास झलक रहा। बच्चों और आम नागरिकों की सहभागिता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।





