
बैरिया बाजार से 1776 लीटर नकली रिफाइन बरामद, शहर थाना पुलिस ने की कार्रवाई
Palamu : मेदिनीनगर शहर थाना पुलिस ने नकली खाद्य उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बैरिया बाजार प्रांगण से बड़ी मात्रा में डुप्लीकेट धारा रिफाइन तेल बरामद किया है। यह छापेमारी उमेश अग्रवाल डालटगंज ट्रेडर्स होलसेल दुकान में की गई थी। जब्त तेल की अनुमानित कीमत करीब 2.66 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बाजार क्षेत्र में नकली ब्रांड के खाद्य तेल का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में 138 पेटियों में रखे आधा लीटर और एक लीटर पैक वाले कुल 1776 लीटर डुप्लीकेट धारा रिफाइन तेल बरामद किया गया। पुलिस ने पूरे माल को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नकली पैकिंग के जरिए उपभोक्ताओं को असली ब्रांड के नाम पर तेल बेचने की तैयारी थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद तेल कहां से लाया गया था और इसके कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग से भी सहयोग लिया जा सकता है।
जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से नकली खाद्य सामग्री के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।


