
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी का पुतला फूंका
लातेहार:पेट्रोल, डीजल, एलपीजी गैस समेत दैनिक उपयोग की वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को समाहरणालय गेट के समीप जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष कामेश्वर प्रसाद यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष कामेश्वर प्रसाद यादव ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम लोगों का जीवन मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाने का काम करेगी।जिला उपाध्यक्ष हरिशंकर यादव ने कहा कि भाजपा सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी है, जबकि गरीब, किसान और मध्यम वर्ग महंगाई की मार झेल रहे हैं।अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष नसीम अंसारी ने कहा कि रसोई गैस, खाद्य सामग्री और पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार वृद्धि से हर वर्ग प्रभावित है।युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई ने युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना दिया है। सरकार रोजगार सृजन और महंगाई नियंत्रण, दोनों मोर्चों पर विफल साबित हुई है।प्रदर्शन में महिला जिला अध्यक्ष अनीता देवी, प्रदेश सचिव रविंद्र राम, गूंजर उरांव, कोषाध्यक्ष हिसामुल अंसारी, विधायक प्रतिनिधि पिंटू सिंह, सेवा दल अध्यक्ष बृंद बिहारी यादव, प्रखंड अध्यक्ष मोती उरांव,फुलचंद यादव,इमरान अंसारी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।





