महिला और सीनियर सिटीजन पर मेहरबान पलामू पुलिस, घर-घर जाकर सुरक्षा की कर रही है पड़ताल
Palamu : पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर जिले के सभी थानों में पीड़ित महिलाओं एवं सीनियर सिटीजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन हेतु विशेष रजिस्टर खोला गया है। उक्त रजिस्टर में शिकायत का पूर्ण विवरण, की गई कार्रवाई एवं निष्पादन की स्थिति दर्ज की जा रही है।

थानों में समझौते के बाद पीड़ित किस हाल में हैं और समझौते की शर्तों का पालन हो रहा है या नहीं, इसके सत्यापन हेतु पुलिस द्वारा डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा है। सत्यापन में अभी तक घटना की पुनरावृत्ति या कोई बड़ी शिकायत सामने नहीं आई है।सत्यापन हेतु संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई है, जिसमें थाना प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं। प्रत्येक माह थानों में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की जा रही है तथा हर माह पुलिस पीड़ितों के घर जाकर उनकी स्थिति का आकलन कर रही है।
दिनांक 06.11.2026 को सत्यापित मामलों की संख्या अनुमंडल वार
- सदर अनुमण्डल :–44
- लेस्लीगंज अनुमण्डल :–22
- हुसैनाबाद अनुमण्डल :–21
- बिश्रामपुर अनुमण्डल :–13
- छतरपुर अनुमण्डल :-13

इस पहल का उद्देश्य घरेलू हिंसा के पीड़ित बुजुर्ग, महिला एवं बच्चों के साथ घटना की पुनरावृत्ति को रोकना, उनमें सुरक्षा की भावना बढ़ाना तथा पीड़ितों को सुलभ, संवेदनशील एवं त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है।





