वज्रपात की चपेट में आने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत, दो मवेशी भी मरे,घटना से गांव में पसरा मातम
Gadhwa : गढ़वा जिला स्थित भंडरिया थाना क्षेत्र के तिहारो गांव में बुधवार की शाम करीब चार बजे वज्रपात की चपेट में आने से एक 55 वर्षीय चनारिक यादव की मौत हो गई। इस घटना में दो मवेशियों की भी मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।जानकारी के अनुसार, चनारिक यादव बुधवार की शाम मटकुरिया टोला स्थित बाजार मोड़ के समीप अपने मवेशियों को चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ जोरदार वज्रपात हुआ। चनारिक यादव इसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, उनके साथ मौजूद दो मवेशियों ने भी दम तोड़ दिया।
वज्रपात की घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी परिजनों को दी। चनारिक यादव की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।घटना पर बीडीसी महेश यादव ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि चनारिक यादव की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाला हरसंभव उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
21 सितंबर तक वज्रपात को लेकर अलर्ट
इधर, मौसम विभाग ने 16 सितंबर को झारखंड के अधिकांश जिलों में तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की थी। विभाग के अनुसार 17 सितंबर को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी और वज्रपात की संभावना है। वहीं, 18 से 21 सितंबर तक पूरे राज्य में तेज आंधी, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से बारिश और मेघ गर्जन के दौरान खुले मैदान, पेड़ तथा बिजली के खंभों के आसपास नहीं रहने की अपील की गई है।




