
हरिहरगंज : जंगल में मिला सड़ा-गला शव, पहचान में जुटी पुलिस
Palamu : हरिहरगंज थाना क्षेत्र के शिकारपुर गांव स्थित जंगल से मंगलवार को एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी. शव मिलने की सूचना के बाद हरिहरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

जानकारी के अनुसार, शिकारपुर गांव से करीब पांच किलोमीटर दक्षिण गोरेया घाट जंगल स्थित डिहरा पहाड़ के नीचे गुफानुमा चट्टानों के बीच शव पड़ा हुआ था.
सुबह लकड़ी चुनने जंगल गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी. इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंचे एसआई राकेश कुमार सिंह ने बताया कि शव काफी सड़-गल चुका है, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी है. मृतक काला शर्ट और जींस पैंट पहने हुए था. प्रथम दृष्टया शव करीब 10 से 15 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर भेज दिया है. वहीं, मृतक की पहचान करने और मामले की जांच में पुलिस जुट गयी है।




