हुसैनाबाद में वज्रपात से महिला की मौत, 5 घायल, 2 गंभीर
Palamu :.हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुई तेज बारिश के दौरान वज्रपात ने भारी तबाही मचाई। अलग-अलग स्थानों पर हुई दो घटनाओं में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पहली घटना मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के गाजी बिहरा गांव में हुई। जानकारी के अनुसार खेत में धान की रोपनी कर रही महिलाओं के पास अचानक वज्रपात हो गया। इसकी चपेट में आने से 38 वर्षीय पुष्पा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 28 वर्षीय कविता देवी और 65 वर्षीय पार्वती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

दूसरी घटना हैदरनगर थाना क्षेत्र के बिलासपुर के समीप हुई। बताया गया कि 45 वर्षीय सीताराम पासवान खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान बारिश शुरू होने पर पास में भेड़ चरा रहे रघुनाथ पाल भी नजदीक स्थित पीपल के पेड़ के नीचे शरण लेने पहुंच गए। तभी तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और दोनों इसकी चपेट में आ गए। इस घटना में सरगड़ा निवासी 24 वर्षीय पिंटू पाल भी घायल हो गए।
तीनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद लाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सीताराम पासवान और रघुनाथ पाल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि पिंटू पाल का इलाज हुसैनाबाद में जारी है।
लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खेतों, खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें और सुरक्षित स्थान पर रहें। मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन कर सतर्कता बरतना ही ऐसे हादसों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।


