एसवीएम के बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण के साथ मिला संस्कृति, खेल और व्यवहारिक ज्ञान

Latehar : विद्या भारती के पांच आधारभूत विषयों में से एक ‘नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा’ के अंतर्गत सरस्वती विद्या मंदिर, लातेहार में विभिन्न शैक्षणिक एवं संस्कारपरक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को संस्कृति, खेल, योग एवं व्यवहारिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान किए गए।

विद्यालय की शिशु वाटिका की प्रभात कक्षा के नन्हें बच्चों को लातेहार शहर स्थित प्राचीन पंचमुखी हनुमान मंदिर का दर्शन कराया गया। इस अवसर पर बच्चों को भगवान हनुमान के जीवन, उनके शस्त्रों तथा भारतीय संस्कृति में उनके महत्व की जानकारी दी गई। मंदिर के पुरोहित ने बच्चों को सामान्य पूजन-विधि एवं अभिवादन की पारंपरिक प्रक्रियाओं से भी परिचित कराया।

इसी क्रम में शनिवार, 27 जून 2026 को प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी के दिशा-निर्देशन में कक्षा 2-बी के विद्यार्थियों को धर्मपुर स्थित जिला खेल स्टेडियम ले जाया गया। कक्षाचार्य लाल बहादुर राम एवं विवेक आचार्य के मार्गदर्शन में बच्चों ने कबड्डी, फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों में भाग लिया। साथ ही योग के महत्व एवं नियमित खेलकूद से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी गई। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ खेल एवं योग गतिविधियों में सहभागिता कर आनंद उठाया।

वहीं कक्षा 2-बी की 20 छात्राओं को लातेहार बाईपास रोड स्थित सुपरमार्ट मॉल का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। कक्षाचार्य शशिकांत पांडेय के नेतृत्व में बच्चों को मॉल की उपयोगिता, वहां उपलब्ध विभिन्न वस्तुओं, खरीदारी की प्रक्रिया तथा दैनिक जीवन में सुपरमार्ट की भूमिका के बारे में व्यवहारिक जानकारी दी गई।

विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति, स्वास्थ्य, अनुशासन एवं व्यवहारिक ज्ञान से जोड़ना है। कार्यक्रमों को सफल बनाने में विद्यालय के सभी आचार्यों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!