
घर में बिजली का तार जोड़ने के दौरान करंट लगने से युवक की मौत
Latehar : बालूमाथ थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव में गुरुवार को करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सूरज उरांव (23 वर्ष), पिता नंदलाल उरांव, निवासी गणेशपुर के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सूरज उरांव अपने घर में बिजली के तार जोड़ने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए बालूमाथ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
अस्पताल में डॉ. सुरेंद्र कुमार ने जांच के बाद सूरज उरांव को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, लातेहार भेज दिया गया।घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।




