मोहम्मदगंज : इलाज के दौरान महिला की मौत, जांच में जुटी पुलिस
Palamu : गढ़वा जिले के डंडा थाना क्षेत्र के छप्परदग्गा गांव निवासी मुकेश शर्मा की पत्नी गुड्डी देवी उम्र 23 वर्ष की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार गुड्डी देवी कुछ दिन पहले अपना मायके पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के गोराडीह गांव आई थी।इस बीच मंगलवार की रात मायके में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।इसके बाद मायके वालों के द्वारा गुड्डी देवी को इलाज के लिए गांव के ही एक झोला छाप डॉक्टर के पास इलाज के लिए लाया गया।जहां झोलाछाप डॉक्टर द्वारा इलाज करने पर भी गुड्डी देवी की तबियत में सुधार नहीं हुआ तो परिजन द्वारा गुड्डी देवी को इलाज के लिए मोहम्मदगंज एक निजी अस्पताल के डॉक्टर शिव कुमार के पास इलाज के लिए लाया गया। वहां पर इलाज के बाद भी गुड्डी देवी की तबीयत ठीक नहीं हुई। उसकी हालत और भी गंभीर हो गई।
गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों के द्वारा गुड्डी देवी को इलाज के लिए हुसैनाबाद अनुमंडली अस्पताल लाया गया।वहां पर इलाज कराने के बाद भी उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत गुड्डी देवी को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर बुधवार की सुबह अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी और पुलिस जवान अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना के बारे में जानकारी लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गए हैं।



