चैनपुर की घटना के बाद सक्रिय हुए पलामू के DC और SP, बैठक में दिए आवश्यक दिशा निर्देश

आपदा की स्थिति से निपटने के लिए हॉटस्पॉट चिन्हित कर आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करें : उपायुक्त

Palamu : समाहरणालय सभागार में गुरुवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन एवं बचाव तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभावित आपदाओं की रोकथाम एवं आपात स्थिति में त्वरित बचाव कार्य सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि चैनपुर में हुई दुखद घटना की पुनरावृत्ति दोबारा न हो, यह हम सभी को सुनिश्चित करना होगा। इसके लिए संभावित आपदा वाले क्षेत्रों को पहले से चिन्हित करते हुए वहां आवश्यक सुरक्षा एवं बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

डीसी ने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संभावित आपदा वाले हॉटस्पॉट को चिन्हित करने का निर्देश दिया। इसमें नदी, तालाब, जलाशय, बंद पड़े पत्थर खदान, माइंस एवं पर्यटन स्थलों सहित ऐसे अन्य स्थानों को शामिल करने को कहा गया, जहां दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। चिन्हित स्थलों की सूची तैयार कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

दुर्गा पूजा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश

आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए उपायुक्त श्री शेखावत ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने पूजा समितियों से संबंधित आवश्यक जानकारी एकत्रित कर मूर्ति की ऊंचाई, पंडाल निर्माण की स्थिति, मूर्ति विसर्जन का रूट तथा विसर्जन स्थल के जलाशय की स्थिति की रिपोर्ट तैयार करने को कहा।

उन्होंने आवश्यकता के अनुसार विसर्जन स्थलों पर गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मॉक ड्रिल आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि आपात स्थिति में बचाव कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।

उपायुक्त श्री शेखावत ने आपदा से संबंधित सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान एवं समन्वय के लिए डेडिकेटेड व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया साथ ही बंद पड़ी खदानों एवं माइंस को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार बैरकेडिंग कराने पर भी जोर दिया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चौधरी ने भी चिन्हित संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी, पुलिस बल की सक्रिय भूमिका एवं आवश्यक सुरक्षा उपायों को लेकर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया।बैठक में सहायक समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला खनन पदाधिकारी, विभिन्न अनुमंडलों के अनुमंडल पदाधिकारी, थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!