
टोरी आरओबी के लिए सड़क पर उतरी आजसू, हस्ताक्षर अभियान के बाद धरना की तैयारी
Latehar : टोरी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की मांग को लेकर शनिवार को आजसू पार्टी ने जिला अध्यक्ष अमित पांडेय के नेतृत्व में टोरी रेलवे क्रॉसिंग के समीप हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर आरओबी निर्माण के समर्थन में हस्ताक्षर किए।
जिला अध्यक्ष अमित पांडेय ने बताया कि टोरी रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण की मांग को लेकर 13 जुलाई को रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी कार्यक्रम की तैयारी के तहत हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें हजारों लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दर्ज कराया।
अमित पांडेय ने सरकार और जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्हें इस समस्या के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सांसद और मुख्यमंत्री एक-दूसरे पर जिम्मेदारी थोपने का काम कर रहे हैं। उनका आरोप है कि चतरा सांसद कालीचरण सिंह आरओबी निर्माण में हो रही देरी के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, जबकि राज्य सरकार केंद्र सरकार पर आरोप लगा रही है। दोनों सरकारों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि टोरी रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी नहीं होने के कारण रेलवे फाटक घंटों बंद रहता है, जिससे लंबा जाम लग जाता है। इसके कारण कई बार गंभीर मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सके और उनकी जान तक चली गई।
आजसू पार्टी ने सरकार से अविलंब टोरी रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता संजीव कुमार ने कहा कि जब तक टोरी आरओबी का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो जाता, तब तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।मौके पर जिला उपाध्यक्ष विजेन्द्र दास,पंकज जयसवाल,मीडिया प्रभारी अमित विश्वकर्मा,चंदवा प्रखण्ड अध्यक्ष राजा दुबे,गोलू कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।





