
जनता ने भाजपा को नकारा, अब अनर्गल बयानबाजी से सुर्खियां बटोर रही है:सौरभ
लातेहार:ज़िलाध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव द्वारा निर्देशित प्रेस वार्ता में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) लातेहार ने शनिवार को जिला मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला।
झामुमो नेता सौरभ श्रीवास्तव ने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता लाल प्रतुल नाथ शाहदेव, स्थानीय विधायक प्रकाश राम तथा भाजपा नेतृत्व द्वारा हेमंत सोरेन सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों का करारा जवाब देते हुए कहा कि झारखंड में अपनी राजनीतिक जमीन पूरी तरह खो चुकी भाजपा अब बौखलाहट में दिन-रात केवल “जेएमएम-जेएमएम” जप रही है।
सौरभ ने कहा कि भाजपा नेताओं को लातेहार को “राजनीतिक पर्यटन स्थल” बनाना बंद कर अपने बिखरते संगठन और घटते जनाधार की चिंता करनी चाहिए।उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा को नकार दिया है, इसलिए उसके नेता अब विकास की चर्चा छोड़कर केवल झूठ, भ्रम और अनर्गल बयानबाजी के सहारे राजनीति करना चाहते हैं।
उन्होंने भाजपा पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ भाजपा के प्रदेश नेता लातेहार में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हैं, वहीं दूसरी ओर उनके अपने विधायक डीएमएफटी फंड के बेहतर उपयोग और विकास कार्यों की सराहना करते हैं। “भाजपा पहले तय करे कि सच कौन बोल रहा है—प्रदेश नेतृत्व या उनका विधायक?” यह सवाल सौरभ ने भाजपा से पूछा।
उन्होंने हाल के कथित टेंडर विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस वीडियो की पूरे जिले में चर्चा हुई, उसमें दिखाई देने वाले अधिकांश चेहरे भाजपा खेमे से जुड़े बताए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा को दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
सौरभ श्रीवास्तव ने भाजपा नेतृत्व को खुली चुनौती देते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रवक्ता और स्थानीय विधायक एक ही मंच पर बैठकर संयुक्त प्रेस वार्ता करें। उसी दिन भाजपा की संगठनात्मक सच्चाई और अंदरूनी कलह जनता के सामने आ जाएगी।
झामुमो के युवा नेता औरंगज़ेब ख़ान ने कहा कि भाजपा के पास जनता से जुड़े मुद्दे नहीं बचे हैं, इसलिए वह लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई लोकप्रिय हेमंत सोरेन सरकार को बदनाम करने की साजिश में जुटी हुई है।
अपराध के मुद्दे पर भाजपा के बयानों पर पलटवार करते हुए सौरभ ने कहा कि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता जिस एनसीआरबी (NCRB) के आंकड़ों का हवाला दे रहे हैं, वर्ष 2024 के बाद एनसीआरबी ने कोई आधिकारिक अपराध आंकड़ा जारी ही नहीं किया है। उन्होंने दावा किया कि उपलब्ध आंकड़ों पर नजर डालें तो हत्या, अपहरण, संगीन अपराध, साइबर अपराध और किशोर अपराध जैसे कई मामलों में बिहार झारखंड से आगे है, जबकि वहां वर्षों से एनडीए की सरकार है।
झामुमो के ज़िला उपाध्यक्ष समशूल होडा ने कहा कि भाजपा का विकास मॉडल पूरी तरह विफल हो चुका है, जबकि हेमंत सोरेन सरकार लगातार झारखंड को नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रही है। नई दिल्ली में हाल ही में हुई निवेशकों की बैठकों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लगभग 88 हजार करोड़ रुपये से अधिक के संभावित निवेश प्रस्ताव इस बात का प्रमाण हैं कि उद्योग जगत का भरोसा झारखंड पर लगातार बढ़ रहा है।
सौरभ ने कहा कि केंद्र सरकार के पास झारखंड का एक लाख 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बकाया होने के बावजूद राज्य सरकार विकास कार्यों को लगातार गति दे रही है। उन्होंने कहा कि अबुआ आवास योजना, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, किसान गुरुजी क्रेडिट कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, सावित्रीबाई फुले योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में बदलाव लाया है और यही भाजपा की सबसे बड़ी बेचैनी का कारण है।
लातेहार के ज़िला अपलसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष अहद ख़ान ने कहा कि भाजपा नेताओं की रातों की नींद उड़ चुकी है क्योंकि जनता विकास और जनहित की राजनीति के साथ खड़ी है। “भाजपा जितना झूठ फैलाएगी, झामुमो उतनी ही मजबूती से जनता के बीच सच लेकर जाएगी। हर झूठ का जवाब तथ्य और संघर्ष से दिया जाएगा।”
प्रेस वार्ता के अंत में सौरभ श्रीवास्तव ने स्पष्ट चेतावनी दी कि लातेहार झारखंड मुक्ति मोर्चा का मजबूत जनाधार वाला क्षेत्र है। यहां झामुमो और हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ किसी भी प्रकार की निराधार, भ्रामक और अनर्गल बयानबाजी का लोकतांत्रिक एवं राजनीतिक स्तर पर मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।



