
तालाब में डूबने से तीन मासूम भाई-बहनों की मौत,मौके पर पहुंचे स्वास्थ्य सांसद प्रतिनिधि
Latehar : जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा चमातू गांव में एक हृदय विदारक हादसा सामने आई है।शुक्रवार शाम एक तालाब में डूबने से तीन मासूम भाई-बहनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान द्वारिका गंझू की नौ वर्षीय पुत्री माही कुमारी, छह वर्षीय दीपिका कुमारी और तीन वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे शुक्रवार शाम तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों का बुरा हाल है।
तीनों बच्चों के शव शुक्रवार शाम करीब 6:45 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बालूमाथ लाए गए। सूचना मिलने पर बालूमाथ पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई।
घटना की जानकारी मिलते ही चतरा सांसद काली चरण सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लातेहार के सांसद प्रतिनिधि (स्वास्थ्य) डॉ. चंदन सिंह को तत्काल मौके पर भेजा। उनके निर्देश पर मृतक बच्चों का पोस्टमार्टम कराया गया।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि अनिल सिंह तथा युवा नेता मुकेश यादव भी मौजूद रहे। सांसद प्रतिनिधि (स्वास्थ्य) डॉ. चंदन सिंह ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की तथा जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।





