हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत

Ranchi : हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई। घटना शनिवार की है। महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए डिस्ट्रिक्ट मोड़ चौक पर सड़क जाम कर दिया। मृतका की पहचान चरही निवासी संगीता के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, संगीता को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद उन्होंने पेट में जलन की शिकायत की। इसके बाद अस्पताल में उन्हें एक इंजेक्शन दिया गया। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन देने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने सवाल उठाया कि प्रसव के बाद उनकी हालत अचानक क्यों बिगड़ी और उन्हें किस वजह से इंजेक्शन दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह और पुलिस अधिकारी जाम स्थल पर पहुंचे। विधायक प्रदीप प्रसाद ने परिजनों से बातचीत की और उन्हें न्याय दिलाने तथा मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए घटना के लिए स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह ने भी अस्पताल की व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वह राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और पार्टी आलाकमान से बातचीत कर एक टीम गठित कराने तथा अस्पताल की व्यवस्था में सुधार की पहल करेंगे। उन्होंने अंचल अधिकारी से भी बात कर मृतका के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की।

इधर, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रूपक कुमार सिंह ने परिजनों से बातचीत कर सड़क जाम हटाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि परिजन लिखित आवेदन देकर चिकित्सकीय लापरवाही से मौत का आरोप लगाते हैं, तो पुलिस मामले की जांच करेगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!