
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बीएस कॉलेज के एनएसएस स्वयंसेवकों ने चलाया जागरूकता अभियान
Latehar: शहर के बानपुर स्थित बनवारी साहू महाविद्यालय (बीएस कॉलेज) के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवकों द्वारा शुक्रवार को “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी नवल किशोर प्रसाद ने किया।इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय के पोषक क्षेत्र बानपुर के विभिन्न टोलों का भ्रमण कर लोगों से नशा से दूर रहने की अपील की तथा नशापान के दुष्परिणामों की जानकारी दी।मौके पर कार्यक्रम पदाधिकारी नवल किशोर प्रसाद ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के शरीर, बल्कि उसके घर-परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाने की अपील की।उन्होंने कहा कि शराब, तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन शरीर के महत्वपूर्ण अंगों जैसे फेफड़े, हृदय और लीवर को कमजोर कर देता है, जिससे कैंसर, अस्थमा एवं हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों से नशा से दूर रहने का संकल्प लेने का आग्रह किया।महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पीके तिवारी ने एनएसएस द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों से समाज में सकारात्मक चेतना का विकास होता है। उन्होंने भी लोगों से नशापान से दूर रहने की अपील की।ज्ञात हो कि “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत यह जागरूकता कार्यक्रम 15 मई से 31 मई तक चलाया जा रहा है।




