
परसही गांव में 23वां ग्रामसभा स्थापना दिवस सह पत्थलगड़ी जतरा समारोह आयोजित, उमड़ी लोगों की भीड़
Latehar : जिले के परसही पंचायत अंतर्गत परसही गांव में 23वां ग्रामसभा स्थापना दिवस सह पत्थलगड़ी जतरा समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस जिलाध्यक्ष कामेश्वर प्रसाद यादव, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित यादव, गूंजर उरांव, मुखिया अनीता देवी, ग्राम प्रधान दामोदर सिंह, बीरबल सिंह और पंचायत समिति सदस्य रीता देवी शामिल हुईं।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष कामेश्वर प्रसाद यादव ने कहा कि जतरा समारोह का आयोजन आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने की दिशा में एक अच्छी पहल है। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि यह आयोजन पिछले 23 वर्षों से लगातार होता आ रहा है। इसमें दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं और आपसी भाईचारे के साथ एक-दूसरे से मिलते-जुलते हैं।
गूंजर उरांव ने कहा कि यह समारोह समाज के लोगों को एक-दूसरे से मिलने और अपनी परंपरा एवं संस्कृति को समझने का अवसर प्रदान करता है। मुखिया अनीता देवी ने कहा कि समारोह में महिलाओं और बच्चों की विशेष भागीदारी रहती है। यह आयोजन लोगों को अपनी आस्था और परंपराओं से जोड़े रखता है।
ग्राम प्रधान बीरबल उरांव ने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने में सभी ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह सभी से सहयोग बनाए रखने की अपील की। वहीं, पंचायत समिति सदस्य रीता देवी ने कहा कि 23 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा ग्रामसभा के प्रति लोगों की आस्था और अपनत्व को दर्शाती है। दूर-दराज से लोगों का पहुंचना इस आयोजन की लोकप्रियता और सामाजिक एकजुटता का प्रमाण है।
मौके पर ग्राम प्रधान दामोदर सिंह, पुजारी भागेश्वर उरांव, सकलदीप उरांव, दुर्गा उरांव, मनोज पासवान, कैलाश उरांव, राजेंद्र उरांव, पंकज उरांव, ललित उरांव, जीतू उरांव, विष्णु उरांव, ज्योति प्रकाश दुबे, फूलचंद यादव, वाजिद अंसारी, रामसेवक यादव, अरुण यादव, धनंजय यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।





