
बड़ी घटना : प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Palamu : उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के दुद्धी निवासी सेराज अहमद की पत्नी खुशबू निशा एवं उनके नवजात शिशु की मौत प्रसव के दौरान मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच में हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में मातम छा गया और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खुशबू निशा इन दिनों अपने मायके गढ़वा जिले के श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चेचरिया गांव में रह रही थीं। प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए एमएमसीएच लेकर पहुंचे।

अस्पताल में जांच के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि महिला के शरीर में रक्त की गंभीर कमी है तथा तत्काल रक्त की आवश्यकता है।परिजनों के अनुसार रक्त की आवश्यकता बताई गई, लेकिन समय पर रक्त की व्यवस्था नहीं हो सकी। इस बीच प्रसव के दौरान महिला की स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद खुशबू निशा और उनके नवजात शिशु को बचाया नहीं जा सका।घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में नए सदस्य के आगमन की खुशी कुछ ही क्षणों में मातम में बदल गई।
बताया जाता है कि घटना के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही मां और नवजात के शव को अपने साथ घर ले गए।इस हृदयविदारक घटना से परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।



