मुंबई से पदक जीत कर लौटे संत मरियम के खिलाड़ियों को चेयरमैन अविनाश देव ने किया सम्मानित
Palamu : संत मरियम आवासीय विद्यालय के प्रार्थना सभागार में मुंबई में आयोजित 24वीं जीत-कुंडो स्पोर्ट्स अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतकर लौटे विद्यालय के मार्शल आर्ट्स खिलाड़ियों को विद्यालय के चेयरमैन श्री अविनाश देव द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जिले और राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

चैंपियनशिप में विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अक्ष राज ने स्वर्ण पदक, दुर्गेश्वरी चौधरी, सचिन कुमार गुप्ता एवं राजा कुमार ने रजत पदक, जबकि विवेक कुमार सिंह ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
उल्लेखनीय है कि यह प्रतियोगिता ग्लोबल वर्ल्ड स्पोर्ट्स जीत-कुंडो-डू फेडरेशन के तत्वावधान में अंधेरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, आजाद नगर, मुंबई में आयोजित की गई थी, जिसमें देश-विदेश के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
विद्यालय परिवार ने सभी विजेता खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




